फगुरम। पीएम श्री शासकीय प्राथमिक शाला, फगुरम में आयोजित वार्षिक उत्सव कार्यक्रम हर्षोल्लास, गरिमा और भावनाओं के अनूठे संगम के साथ संपन्न हुआ। पूरे विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला, जहां विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, लोकनृत्य, देशभक्ति गीत, समूह नृत्य और आकर्षक विज्ञान प्रदर्शनी के माध्यम से अपनी बहुमुखी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के पूजन-अर्चन से हुआ। मुख्य अतिथि विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री एस.डी. निषाद ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं, बल्कि संस्कार, अनुशासन और नैतिक मूल्यों से ही उसका वास्तविक उद्देश्य पूर्ण होता है। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक एवं सहशैक्षणिक उपलब्धियों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

संकुल प्राचार्य श्री दुजेराम सोनी एवं बीडीसी श्रीमती बरत कुमारी चौहान की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। बीडीसी महोदया ने पालकों से अपील की कि वे बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजकर उनकी शिक्षा में सक्रिय सहयोग दें। सरपंच श्री गुलाब राठिया ने विद्यालय परिवार को सफल आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण बच्चों द्वारा लगाई गई विज्ञान प्रदर्शनी रही, जिसमें नवाचार और रचनात्मक सोच की झलक दिखाई दी। अतिथियों ने प्रदर्शनी की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। शैक्षिक कार्यों के उत्कृष्ट निर्वहन हेतु शिक्षिका प्रीति पटेल को सम्मानित किया गया। साथ ही विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।

कक्षा 5वीं के विद्यार्थियों को ससम्मान विदाई दी गई। इस अवसर पर वातावरण भावुक हो उठा, जब नन्हे विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम के अंत में नेवता भोज का आयोजन किया गया, जिसने उत्सव की मिठास को और बढ़ा दिया।
मंच संचालन प्रधान पाठक माध्यमिक शाला श्री किशोर देवांगन ने कुशलता से किया तथा आभार प्रदर्शन संकुल शैक्षिक समन्वयक श्री अजय वर्गीस ने किया। कार्यक्रम में शिक्षकों, पालकों और ग्रामीणों की उल्लेखनीय उपस्थिति ने यह संदेश दिया कि शिक्षा केवल विद्यालय की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है।
