कलेक्टर ने अभियान के संबंध में अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

गौरेला पेंड्रा मरवाही, 27 जनवरी 2026


नीति आयोग भारत सरकार द्वारा चयनित आकांक्षी ब्लॉक गौरेला में 2.0 संपूर्णता अभियान 28 जनवरी से प्रारम्भ होगा। साप्ताहिक समय सीमा की बैठक में कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी ने संपूर्णता अधियान के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
संपूर्णता अभियान का उद्देश्य स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा एवं कृषि से संबंधित प्रमुख विकासात्मक संकेतकों में समय-सीमा के भीतर पूर्ण संतृप्ति सुनिश्चित करना है। नीति आयोग के निर्देशानुसार छह महत्वपूर्ण संकेतकों पर विशेष फोकस करते हुए प्रत्येक पात्र लोगों तक शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुँचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
कलेक्टर ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि अभियान अवधि के दौरान आपसी समन्वय, नियमित निगरानी एवं प्रभावी प्रशासनिक एकीकरण के माध्यम से निर्धारित लक्ष्यों को अनिवार्य रूप से प्राप्त किया जाए। उन्होंने संपूर्णता अभियान 1.0 की उपलब्धियों को और अधिक सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया। यह विशेष अभियान 28 जनवरी से 14 अप्रैल 2026 तक संचालित किया जाएगा।
इसके अंतर्गत जिला एवं ब्लॉक स्तर पर निरंतर समीक्षा बैठकों एवं रणनीतिक कार्ययोजनाओं के माध्यम से प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा। अभियान के तहत विभागीय समन्वय को मजबूत करते हुए जनप्रतिनिधियों, स्व-सहायता समूहों एवं सामुदायिक मंचों के माध्यम से जनभागीदारी को सशक्त बनाया जाएगा।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे, जनपद पंचायत सीईओ शुभा मिश्रा, ब्लॉक फेलो मनीष श्रीवास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

