मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा से बदली ग्रामीण परिवहन की तस्वीरसुगम तरीके से सफर करना हुआ आसान

बलरामपुर, 24 फरवरी 2026/मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा योजना ने ग्रामीण अंचलों में परिवहन व्यवस्था को एक नई दिशा दी है।
दूरस्थ और दुर्गम गांवों को जिला एवं विकासखंड मुख्यालय से जोड़ने वाली 6 नई बस सेवाओं की शुरुआत ने ग्रामीणों में नई उम्मीद जगाई है।पहले की स्थिति में कई गांव ऐसे थे जहाँ नियमित परिवहन सुविधा उपलब्ध नहीं थी।
विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए लंबी दूरी पैदल या महंगे निजी साधनों से तय करनी पड़ती थी। किसानों और व्यापारियों को अपने उत्पाद बाजार तक पहुंचाने में कठिनाई होती थी। लेकिन नई बस सेवाओं के संचालन से ग्रामीणों को सुरक्षित, सुलभ और किफायती परिवहन सुविधा मिल रही है।
विद्यार्थी अब समय पर स्कूल और कॉलेज पहुंच पा रहे हैं। किसान अपनी उपज सीधे बाजार तक ले जा पा रहे हैं। श्रमिकों और व्यापारियों के लिए रोजगार के अवसर बढ़े हैं। राजपुर, रामानुजगंज, शंकरगढ़, वाड्रफनगर सहित अनेक गांव अब सीधे बस सेवा से जुड़ गए हैं।
इससे ग्रामीणों के समय की बचत हो रही है, साथ ही आर्थिक व्यय में भी कमी आई है। ग्रामीणों का कहना है कि इस योजना के माध्यम से उन्हें निजी वाहनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ता और यात्रा पहले से अधिक सुरक्षित एवं सुविधाजनक हो गई है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा योजना ने गांव और शहर के बीच की दूरी कम कर सामाजिक एवं आर्थिक गतिविधियों को नई गति दी है। जो समावेशी विकास की दिशा में एक मजबूत कदम है और ग्रामीण क्षेत्रों में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा दे रही है।
