पटवारियों पर की गई दंडात्मक कार्रवाई निरस्त करने और केंद्र के समान महंगाई भत्ता एरियर्स सहित देने की मांग, तहसीलदार के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
घरघोड़ा। छत्तीसगढ़ में कर्मचारियों और अधिकारियों की लंबित मांगों को लेकर कर्मचारी संगठनों ने एक बार फिर आवाज बुलंद की है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के आह्वान पर बुधवार को प्रदेशभर के जिला एवं विकासखंड मुख्यालयों में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। इसी कड़ी में घरघोड़ा में भी कर्मचारी-अधिकारियों ने एकजुट होकर रैली निकाली और तहसीलदार घरघोड़ा के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम दो सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।
फेडरेशन के घरघोड़ा संयोजक संतोष कुमार पाण्डेय ने बताया कि संगठन की प्रमुख मांगों में राजस्व पटवारियों के आंदोलन का सम्मानजनक समाधान निकालना, आंदोलन के दौरान की गई दंडात्मक कार्रवाइयों को निरस्त करना तथा प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों एवं पेंशनरों को लंबित 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता एवं महंगाई राहत का भुगतान देय तिथि से एरियर्स सहित करना शामिल है।
पटवारियों के समर्थन में कर्मचारी-अधिकारी एकजुट
ज्ञापन में कहा गया है कि छत्तीसगढ़ राजस्व पटवारी संघ अपनी लंबित मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन आंदोलन कर रहा है। पटवारी राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में उनकी अहम भूमिका रहती है। फेडरेशन ने आरोप लगाया कि पटवारियों की मांगों का संवाद के माध्यम से समाधान निकालने के बजाय एसीबी की कार्रवाई सहित विभिन्न दंडात्मक कार्रवाइयां की जा रही हैं, जिससे कर्मचारियों में असंतोष है।
फेडरेशन ने मांग की है कि आंदोलन के दौरान पटवारियों के विरुद्ध की गई दंडात्मक कार्रवाइयों को तत्काल निरस्त किया जाए तथा उनकी जायज मांगों का सम्मानजनक समाधान निकाला जाए।
3 प्रतिशत महंगाई भत्ता एरियर्स सहित देने की मांग
कर्मचारी-अधिकारियों की दूसरी प्रमुख मांग लंबित 3 प्रतिशत महंगाई भत्ते को लेकर है। ज्ञापन में कहा गया है कि केंद्र सरकार के कर्मचारियों को महंगाई भत्ते में वृद्धि का लाभ मिल रहा है, जबकि छत्तीसगढ़ के शासकीय सेवक अभी भी 3 प्रतिशत महंगाई भत्ते से वंचित हैं। लगातार बढ़ती महंगाई के बीच कर्मचारियों एवं पेंशनरों के लिए महंगाई भत्ता आर्थिक राहत का महत्वपूर्ण माध्यम है।
फेडरेशन ने प्रदेश के सभी शासकीय सेवकों एवं पेंशनरों को केंद्र सरकार के समान 3 प्रतिशत लंबित महंगाई भत्ता एवं महंगाई राहत का लाभ देय तिथि से एरियर्स सहित प्रदान करने की मांग की है।
कर्मचारी भवन से तहसील कार्यालय तक निकाली रैली
बुधवार दोपहर 4:30 बजे कर्मचारी भवन घरघोड़ा में बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं अधिकारी एकत्रित हुए। यहां से सभी रैली के रूप में तहसील कार्यालय पहुंचे, जहां तहसीलदार घरघोड़ा के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
फेडरेशन ने शासन से कर्मचारियों की मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार कर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है। साथ ही ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि मांगों का निराकरण नहीं होने की स्थिति में कर्मचारी हितों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर आशीष शर्मा, रोहित डनसेना, अश्वनी दर्शन, विनोद मेहर, सर्वेश मरावी, ऋषि केश साहू, वरुण गुप्ता, सूरज पैंकरा, खेमसागर पैंकरा, संजय पंडा, विजय पंडा, हरिश्चंद्र बेहरा, सुरेंद्र होता, गौकरण वैष्णव, अजय कुमार, फागूलाल रात्रे, धर्मेंद्र साहू, श्वेता केशरवानी, संतोष चौहान, बाबूलाल धृतलहरे, गणेश्वर श्याम, विजया पंडा, जनक सुनहरे, संजीव राजहंस, कैलाश पटेल सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
