घरघोड़ा। जश्ने ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर आयोजित होने वाले जुलूस-ए-मोहम्मदी एवं अन्य कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को लेकर मंगलवार को घरघोड़ा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व प्रवीण तिवारी एवं थाना प्रभारी सहित नगर के जनप्रतिनिधि, धार्मिक पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी जामा मस्जिद कमेटी के अध्यक्ष सदर मोहम्मद ताहिर चिश्ती, सेक्रेटरी मौलाना सादिक खान, मौलाना मोहम्मद मुजाहिद हुसैन, मौलाना मन्नान हाफिज, एवं पत्रकार बसंत रात्रे सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
बैठक के दौरान आगामी 26 अगस्त को सुबह 9 बजे निकलने वाले जुलूस-ए-मोहम्मदी के मार्ग एवं सुरक्षा-व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। जुलूस जामा मस्जिद कमेटी से प्रारंभ होकर जयस्तंभ चौक होते हुए बस स्टैंड स्थित ईदगाह मैदान पहुंचेगा, जहां इसका समापन किया जाएगा।
इसके अलावा 26 अगस्त की रात यौम-ए-विलादत के मुबारक मौके पर ईदगाह मैदान में आयोजित होने वाले आम लंगर को लेकर भी आवश्यक व्यवस्थाओं पर विचार-विमर्श किया गया। प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों ने आयोजन के दौरान यातायात व्यवस्था, सुरक्षा, अनुशासन तथा आपसी सौहार्द बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में उपस्थित सभी लोगों ने शांति, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द की मिसाल कायम करते हुए आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया। जामा मस्जिद कमेटी की ओर से क्षेत्रवासियों से बड़ी संख्या में शामिल होकर जश्ने ईद मिलादुन्नबी के कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की गई।
बैठक का मुख्य संदेश यही रहा कि धार्मिक आयोजन आस्था के साथ-साथ आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता का भी प्रतीक बनें।
