घरघोड़ा (जिला रायगढ़)। क्षेत्र में लगातार बढ़ती बेरोजगारी को लेकर अब युवाओं का आक्रोश सामने आने लगा है। युवा साथी सेवा संगठन, घरघोड़ा द्वारा अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) दुर्गा प्रसाद अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर एनटीपीसी, वीपीआर , और निजी कंपनियों में स्थानीय युवाओं को रोजगार दिलाने की मांग की गई है।

ज्ञापन में संगठन ने बताया कि घरघोड़ा क्षेत्र में शिक्षित और कुशल युवाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिलने के कारण युवाओं को बेरोजगारी का सामना करना पड़ रहा है। इसके चलते मानसिक और आर्थिक समस्याएं भी बढ़ती जा रही हैं।

संगठन ने यह भी आरोप लगाया कि निजी कंपनियों में कई बार आवेदन देने के बावजूद स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता नहीं दी जा रही है और उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है।

संगठन के अध्यक्ष जगेेश्वर कुर्रे के नेतृत्व में सौंपे गए इस ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई है कि बेरोजगारी की समस्या को गंभीरता से लेते हुए स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
संगठन ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन इस मुद्दे पर शीघ्र कार्रवाई करेगा, जिससे क्षेत्र के युवाओं को राहत मिल सके।
👉 अब सवाल यह है कि क्या प्रशासन इस मांग पर त्वरित कदम उठाएगा या फिर युवा यूं ही रोजगार के लिए भटकते रहेंगे?
