रिपोर्टर सुखदेव कुमार आजाद

बिलासपुर। जिले के मल्हार चौकी अंतर्गत ग्राम कुटेला इन दिनों अवैध मदिरा विक्रय की समस्या से जूझ रहा है। ग्रामवासियों का आरोप है कि साखा राम बंजारे एवं उसका परिवार इस कथित अवैध कारोबार में संलिप्त है, जिसके कारण गांव का सामाजिक संतुलन डगमगाने लगा है।ग्रामीणों के अनुसार, गांव में खुलेआम शराब की बिक्री की जा रही है, जिससे युवाओं में नशे की प्रवृत्ति निरंतर बढ़ रही है। अभिभावकों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते इस पर अंकुश नहीं लगाया गया, तो किशोर वर्ग भी इसकी चपेट में आ सकता है।बताया जाता है कि ग्रामवासियों द्वारा कई बार समझाइश एवं विरोध के बावजूद यह गतिविधि थमने का नाम नहीं ले रही है, जिससे जनाक्रोश दिनोंदिन तीव्र होता जा रहा है। महिलाओं एवं बुजुर्गों ने इसे गांव के वातावरण के लिए घातक बताते हुए प्रशासन से त्वरित हस्तक्षेप की मांग की है।स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस प्रकार की अवैध गतिविधियों से न केवल सामाजिक वातावरण दूषित हो रहा है, बल्कि पारिवारिक जीवन में भी अशांति का माहौल बन रहा है।ग्रामवासियों ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही समाज के प्रबुद्ध वर्ग एवं जनप्रतिनिधियों से अपील की गई है कि वे आगे आकर नशा मुक्ति के लिए सार्थक पहल करें।समाजहित में यह आवश्यक है कि ऐसी अवैध प्रवृत्तियों पर प्रभावी रोक लगाई जाए तथा युवाओं को शिक्षा, रोजगार एवं नैतिक मूल्यों की ओर प्रेरित कर ग्राम कुटेला को एक स्वस्थ एवं सुरक्षित दिशा प्रदान की जाए।
