
गौरेला पेंड्रा मरवाही, 04 फरवरी 2026

राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में 10 से 25 फरवरी 2026 तक सामूहिक दवा सेवन अभियान संचालित किया जाएगा।


मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामेश्वर शर्मा ने सामूहिक दवा सेवन कार्यक्रम की रूपरेखा, उम्र के अनुसार दवा की खुराक एवं विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान पात्र आबादी को निर्धारित दवा का सेवन सुनिश्चित कराया जाएगा। कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी डॉ. आई. मिंज ने बताया कि दवा सेवन कराने वाले दल लोगों को फाइलेरिया रोग से बचाव, दवा सेवन के लाभ एवं बीमारी से होने वाली गंभीर जटिलताओं के प्रति जागरूक करेंगे, ताकि अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित हो सके।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 10 से 12 फरवरी तक आंगनबाड़ी केंद्रों एवं शैक्षणिक संस्थानों में बूथ लगाकर दवा सेवन कराया जाएगा। इसके पश्चात 13 से 22 फरवरी तक स्वास्थ्य कर्मी समुदाय स्तर पर घर-घर भ्रमण कर दवा सेवन कराएंगे।
वहीं 23 से 25 फरवरी तक मॉप-अप राउंड के माध्यम से छूटे हुए लोगों को दवा सेवन कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त 10 से 25 फरवरी तक सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं निजी चिकित्सालयों में ओपीडी के समीप भी दवा सेवन बूथ लगाए जाएंगे।

