दंतेवाड़ा, 20 मार्च 2026
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत जिले में पात्र हितग्राहियों को पक्का मकान उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा विशेष पहल की जा रही है।
इस क्रम में जनगणना कार्य के दौरान अधिकारी एवं कर्मचारी गांव-गांव पहुंचकर हितग्राहियों से सीधे संपर्क कर रहे हैं और उन्हें शीघ्र आवास निर्माण प्रारंभ करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।सभी ग्राम पंचायतों में पात्र हितग्राहियों को निरंतर आवास स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए जा रहे हैं।
साथ ही उन्हें योजना की विस्तृत जानकारी, किस्त राशि तथा निर्माण सामग्री ईंट, सीमेंट, सरिया, रेत एवं गिट्टी की उपलब्धता के संबंध में मार्गदर्शन दिया जा रहा है, ताकि वे समय पर अपने आवास निर्माण कार्य की शुरुआत कर सकें।
इसके प्रारंभ में कई हितग्राही निर्माण कार्य शुरू नहीं कर पाए थे, लेकिन जागरूकता और प्रशासनिक सहयोग के बाद अब वे अपने पक्के घर के निर्माण के लिए आगे आ रहे हैं।
ग्राम पंचायत पोदुम-1 एवं हाऊरनार में भी हितग्राहियों को आवास स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
इस पहल से जिले में आवास निर्माण कार्य में तेजी आई है और जरूरतमंद परिवारों को पक्का घर का सपना साकार हो रहा है।
प्रशासन की सक्रियता से ग्रामीणों में विश्वास बढ़ा है और वे उत्साहपूर्वक अपने घरों के निर्माण में जुट गए हैं।
