ग्राम बनाई में शिक्षकों की नियुक्ति को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी, स्थानीय शिक्षित युवक-युवतियों को अवसर नहीं मिलने का आरोप; सरपंच, उपसरपंच और पंचों ने जताई आपत्ति
घरघोड़ा/बनाई। शिक्षा के क्षेत्र में ग्रामीण बच्चों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जेपीएल जिंदल कंपनी द्वारा सीएसआर (कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व) मद से ग्राम पंचायत बनाई में 3 से 5 वर्ष तक के छोटे बच्चों के लिए अंग्रेजी माध्यम के लिटिल एंजल स्कूल का संचालन प्रस्तावित है।
लेकिन स्कूल के संचालन से पहले ही शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने इस पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाए हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव में स्कूल शुरू करने की जानकारी तो ग्राम पंचायत को दी गई थी, लेकिन शिक्षिका एवं सहायक शिक्षकों की नियुक्ति के लिए परीक्षा कब आयोजित की गई, आवेदन किस आधार पर आमंत्रित किए गए और चयन प्रक्रिया कैसे पूरी हुई, इसकी कोई जानकारी ग्राम पंचायत को नहीं दी गई।
इतना ही नहीं, गांव के पढ़े-लिखे युवक-युवतियों को भी इस भर्ती प्रक्रिया की जानकारी नहीं मिल पाई।
ग्रामीणों के बताए अनुसार, स्कूल में दो सहायक शिक्षकों की नियुक्ति किए जाने की बात सामने आई है।
इससे स्थानीय बेरोजगार शिक्षित युवक-युवतियों में नाराजगी है। ग्रामीणों का सवाल है कि जब स्कूल गांव में संचालित होना है और कंपनी सीएसआर मद से इस पर खर्च कर रही है, तो फिर स्थानीय युवाओं को नियुक्ति प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर क्यों नहीं दिया गया?
पंचायत के जनप्रतिनिधियों ने उठाए सवाल
ग्राम पंचायत बनाई के सरपंच, उपसरपंच एवं पंचों का कहना है कि जेपीएल कंपनी द्वारा ग्राम पंचायत बनाई में 3 से 5 वर्ष के बच्चों के लिए अंग्रेजी माध्यम स्कूल खोले जाने की जानकारी उन्हें है, लेकिन शिक्षकों की नियुक्ति के लिए परीक्षा कब आयोजित की गई, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है।
जनप्रतिनिधियों का कहना है कि यदि गांव में स्कूल का संचालन किया जाना है, तो नियुक्ति प्रक्रिया की जानकारी ग्राम पंचायत और ग्रामीणों को भी दी जानी चाहिए थी।
स्थानीय शिक्षित युवक-युवतियों को भी आवेदन करने और अपनी योग्यता साबित करने का अवसर मिलना चाहिए था।
सीएसआर का उद्देश्य स्थानीय विकास, फिर स्थानीय युवाओं की अनदेखी क्यों?
सीएसआर के तहत संचालित होने वाली योजनाओं का उद्देश्य केवल सुविधाएं उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि संबंधित क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में भी योगदान देना है।
ऐसे में ग्रामीणों का सवाल है कि जब गांव के विकास और बच्चों की शिक्षा के लिए यह पहल की जा रही है, तो स्थानीय शिक्षित युवाओं को रोजगार का अवसर देने के मामले में पारदर्शिता क्यों नहीं बरती गई?
ग्रामीणों ने मांग की है कि नियुक्ति प्रक्रिया से संबंधित पूरी जानकारी सार्वजनिक की जाए। परीक्षा की तिथि, विज्ञापन, आवेदन प्रक्रिया, चयन के मापदंड और चयनित अभ्यर्थियों की योग्यता स्पष्ट की जाए, ताकि किसी प्रकार का संदेह न रहे।
कंपनी प्रबंधन से जवाब की अपेक्षा
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या जेपीएल कंपनी प्रबंधन ने शिक्षकों की नियुक्ति के लिए कोई सार्वजनिक प्रक्रिया अपनाई थी? क्या ग्राम पंचायत और स्थानीय युवाओं को इसकी सूचना दी गई थी?
यदि नियुक्ति प्रक्रिया पारदर्शी थी, तो उसकी जानकारी सार्वजनिक करने में क्या परेशानी है?
फिलहाल लिटिल एंजल स्कूल में नियुक्ति को लेकर ग्राम पंचायत बनाई में विरोध के स्वर उठने लगे हैं। ग्रामीणों की मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और स्थानीय योग्य युवक-युवतियों को भी उचित अवसर दिया जाए।
अब देखना होगा कि जेपीएल कंपनी प्रबंधन ग्रामीणों की इन आपत्तियों पर क्या जवाब देता है और क्या स्थानीय युवाओं को उनका उचित अधिकार एवं अवसर मिल पाएगा।
