घरघोड़ा/रायगढ़, 28 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के घरघोड़ा विकासखंड स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय छर्राटांगर में आयोजित राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता-2026 के दूसरे दिन खिलाड़ियों का उत्साह चरम पर रहा। आठ क्लस्टरों के लगभग 515 बालक खिलाड़ियों की भागीदारी वाले इस आयोजन में कांकेर क्लस्टर ने बास्केटबॉल, फुटबॉल और खो-खो में दमदार प्रदर्शन कर अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया। वहीं टेबल टेनिस में रायगढ़ के खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाया, जबकि योग की विभिन्न स्पर्धाओं में सरगुजा क्लस्टर का दबदबा देखने को मिला।

27 से 29 अक्टूबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न खेलों के माध्यम से जनजातीय विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है। दूसरे दिन टेबल टेनिस, शतरंज, योग, खो-खो, फुटबॉल और बास्केटबॉल के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने कौशल, अनुशासन और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया।
बास्केटबॉल और फुटबॉल में कांकेर का शानदार प्रदर्शन
टीम स्पर्धाओं में कांकेर क्लस्टर ने शानदार खेल दिखाते हुए बास्केटबॉल और फुटबॉल दोनों में पहला स्थान हासिल किया। बास्केटबॉल में बस्तर क्लस्टर दूसरे और बलरामपुर तीसरे स्थान पर रहा। फुटबॉल में बलरामपुर क्लस्टर ने दूसरा तथा सुकमा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

खो-खो प्रतियोगिता में भी कांकेर क्लस्टर ने पहला स्थान हासिल कर अपनी सफलता का सिलसिला जारी रखा। धमतरी क्लस्टर दूसरे और बलरामपुर तीसरे स्थान पर रहा। लगातार तीन टीम स्पर्धाओं में कांकेर के प्रदर्शन ने प्रतियोगिता में उसकी मजबूत स्थिति को दर्शाया।
टेबल टेनिस में रायगढ़ के खिलाड़ियों ने लहराया परचम
टेबल टेनिस स्पर्धाओं में रायगढ़ के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए एकल और युगल वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किए।

अंडर-19 बालक एकल वर्ग में रायगढ़ के विनय कुमार ने पहला स्थान हासिल किया। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के दीपक कुमार सरुता दूसरे और बलरामपुर के अनोष कुजूर तीसरे स्थान पर रहे। अंडर-19 युगल वर्ग में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के दीपक कुमार सरुता और शशांक पैंकरा की जोड़ी विजेता बनी, जबकि रायगढ़ के कन्हैया राठिया और विनय कुमार की जोड़ी तीसरे स्थान पर रही।
अंडर-14 एकल वर्ग में रायगढ़ के सागर ध्रुव ने स्वर्ण पदक जीता। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के विनायक पैंकरा दूसरे और सरगुजा के रूपेश कुमार तीसरे स्थान पर रहे। अंडर-14 युगल वर्ग में रायगढ़ के सागर ध्रुव और तुषारांशु ध्रुव की जोड़ी ने पहला स्थान हासिल कर जिले की उपलब्धियों में एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया।

शतरंज में मैनपाट और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के खिलाड़ियों की चमक
शतरंज के अंडर-14 बालक वर्ग में एकलव्य विद्यालय मैनपाट के आकाश टोप्पो ने पहला स्थान हासिल किया। धमतरी क्लस्टर के भोरिंग विद्यालय के कुणाल ठाकुर दूसरे और कांकेर क्लस्टर के अंतागढ़ विद्यालय के तामेश्वर कोरेटी तीसरे स्थान पर रहे।
अंडर-19 वर्ग में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही क्लस्टर के एकलव्य विद्यालय छुरीकला के नारद सिंह ने बाजी मारी। कांकेर क्लस्टर के अंतागढ़ विद्यालय के साहिल कुमार नरेटी दूसरे और धमतरी क्लस्टर के मैनपुर विद्यालय के येसुर्या ध्रुवा तीसरे स्थान पर रहे।
योग में सरगुजा क्लस्टर का दबदबा
योग की आर्टिस्टिक पेयर स्पर्धा के अंडर-14 वर्ग में सरगुजा क्लस्टर के आशीष कुमार और प्रिंस खलखो की जोड़ी प्रथम रही। कांकेर के अभिनव नेताम और आदित्य नेताम दूसरे तथा बस्तर के मयंक मौर्य और युगल ध्रुव तीसरे स्थान पर रहे।
अंडर-19 आर्टिस्टिक पेयर वर्ग में भी सरगुजा के सुकराम और प्रियांजल की जोड़ी ने पहला स्थान हासिल किया। सुकमा के विकास और हिमांशु दूसरे तथा धमतरी के योगेंद्र और राहुल तीसरे स्थान पर रहे।

रिदमिक योग के अंडर-14 वर्ग में सरगुजा के आशीष कुमार और प्रिंस खलखो की टीम विजेता बनी, जबकि बस्तर की टीम दूसरे स्थान पर रही। अंडर-19 रिदमिक योग में भी सरगुजा ने अपना दबदबा कायम रखा। सुकराम, प्रियांजल और तनवीर की टीम ने पहला स्थान प्राप्त किया। धमतरी की टीम दूसरे और सुकमा की टीम तीसरे स्थान पर रही।
29 अक्टूबर को होगा प्रतियोगिता का समापन
एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय छर्राटांगर में आयोजित इस प्रतियोगिता का संचालन विद्यालय के प्राचार्य श्री मनीराम जांगड़े के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। आयोजन को सफल बनाने में पीईटी शिक्षक श्री एस. एक्का, श्री स्वराज कुमार सिंह, श्री घनश्याम लखेरा, श्री अनुराग शर्मा सहित एस्कॉर्ट शिक्षक, तकनीकी अधिकारी और आयोजन समिति के सदस्य सहयोग कर रहे हैं।
यह प्रतियोगिता जनजातीय विद्यार्थियों को राज्य स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने, आत्मविश्वास बढ़ाने और अनुशासन व टीम भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान कर रही है। तीन दिवसीय खेल महाकुंभ का समापन 29 अक्टूबर को होगा। अब सभी की निगाहें अंतिम दिन की स्पर्धाओं और समापन समारोह पर टिकी हैं।
