
पंडरिया। ग्राम किसुनगढ़ में रविवार सुबह नाली की साफ-सफाई और मिट्टी की खुदाई के दौरान मानव सिर का पुराना कंकाल मिलने से इलाके में चर्चा का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पंडरिया पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 8 बजे ग्राम किसुनगढ़ के मुख्य आवागमन मार्ग पर स्थित कच्ची नाली की सफाई और मिट्टी की खुदाई का कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान बिरेंद्र चन्द्राकर के खेत के पास नाली में मिट्टी से सना हुआ मानव सिर का पुराना कंकाल दिखाई दिया।
कंकाल मिलने की जानकारी सामने आने के बाद गांव के निवासी रोहित टंडन ने ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों ने कंकाल के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी होने से इनकार किया है।
मामले की सूचना मिलने पर पंडरिया पुलिस ने धारा 194 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के तहत मर्ग कायम कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल कंकाल की पहचान नहीं हो सकी है। साथ ही, यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि संबंधित व्यक्ति की मृत्यु कब और किन परिस्थितियों में हुई थी।
पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद मानव कंकाल किसका है और इससे जुड़ी परिस्थितियां क्या हैं।
