घरघोड़ा, 24 अगस्त। घरघोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम रायकेरा में सावन का मेला लगता है जहाँ हजारों की संख्या में श्रद्धालू बाबा बरझरिया के दर्शन पूजा करने जाते है। आज कोटरीमाल से रायकेरा मार्ग पर शाम करीब 7 बजे सावन मेले से वापस लौट रहे दो बाइक सवारों के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक सवार कई लोग घायल हो गए। दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है।



जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए घरघोड़ा अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं सूचना मिलते ही घरघोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान छोटू उरांव (29 वर्ष), पिता स्व. मेहेत्तर उरांव, निवासी ग्राम घरघोडी़ वर्तमान निवास घरघोड़ा के रूप में की जा रही है। बताया जा रहा है कि वह सावन मेले से वापस लौट रहा था, इसी दौरान रायकेरा–बरझरिया रोड के पास हादसा हो गया।
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों और हादसे में शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। घायलों का उपचार घरघोड़ा अस्पताल में जारी है।
