
घरघोड़ा के शासकीय अस्पताल में सैकड़ों मरीजों व परिजनों को फल वितरण
उस्मान बेग के नेतृत्व में युवा कांग्रेस ने की विधायक की दीर्घायु की कामना

घरघोड़ा – धर्मजयगढ़ क्षेत्र के लोकप्रिय, सरल एवं जनसेवा के प्रति समर्पित विधायक लालजीत सिंह राठिया के जन्मदिन के अवसर पर युवा कांग्रेस द्वारा एक अत्यंत भावनात्मक एवं प्रेरणादायक सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी जन्मदिन को सेवा कार्य के रूप में मनाते हुए घरघोड़ा स्थित शासकीय अस्पताल में सैकड़ों मरीजों एवं उनके परिजनों के बीच फल एवं बिस्किट का वितरण किया गया।

यह कार्यक्रम उस्मान बेग, जिला अध्यक्ष (युवा कांग्रेस ग्रामीण) के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें सेवा, संवेदना और मानवता की भावना का सुंदर समन्वय देखने को मिला।कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने मरीजों से आत्मीय मुलाकात कर न केवल उन्हें फल एवं बिस्किट वितरित किए, बल्कि उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेते हुए उनका हौसला भी बढ़ाया।
इस दौरान अस्पताल परिसर में एक सकारात्मक, आत्मीय और मानवीय वातावरण निर्मित हुआ, जिसने सभी को भावुक कर दिया।इस अवसर पर जिला अध्यक्ष युवा कांग्रेस ग्रामीण उस्मान बेग ने कहा कि विधायक लालजीत सिंह राठिया का जीवन सादगी, शालीनता और जनसेवा के प्रति अटूट समर्पण का जीवंत उदाहरण है।
एक साधारण किसान परिवार में जन्म लेकर उन्होंने अपने पिता स्वर्गीय चनेश राम राठिया एवं परिवार से प्राप्त संस्कारों को अपने जीवन में उतारा और सदैव समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचने का कार्य किया है। यही कारण है कि आज वे लाखों लोगों के दिलों में एक सच्चे जननेता के रूप में स्थापित हैं।
उन्होंने आगे कहा कि राठिया जी का मार्गदर्शन उन्हें लंबे समय से प्राप्त होता रहा है। वर्ष 2009 में पहली मुलाकात के बाद से ही उनके सरल स्वभाव, सहज व्यवहार और जनसेवा के प्रति समर्पण ने गहरी छाप छोड़ी।
उनके मार्गदर्शन एवं सहयोग से ही एक सामान्य युवा के रूप में उन्हें राजनीतिक जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा और दिशा मिली है।ज्ञात हो कि विधायक लालजीत सिंह राठिया वर्ष 2013 से लगातार तीन बार धर्मजयगढ़ विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
यह उनकी लोकप्रियता, निरंतर मेहनत और जनता के साथ उनके गहरे जुड़ाव का ही परिणाम है कि उन्हें लगातार जनता का आशीर्वाद प्राप्त हो रहा है।
उनके नेतृत्व में क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क एवं ग्रामीण विकास जैसे अनेक क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं, जिनकी सराहना आमजन द्वारा समय-समय पर की जाती रही है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सैकड़ों मरीजों एवं उनके परिजनों ने भावुक होकर कहा कि विधायक राठिया जी की पहचान केवल एक जनप्रतिनिधि के रूप में नहीं, बल्कि एक ऐसे सेवाभावी व्यक्ति के रूप में है, जो हमेशा जरूरतमंदों के साथ खड़े रहते हैं।
इस प्रकार के सेवा कार्य उनके व्यक्तित्व की सच्ची पहचान हैं और यही उन्हें जनता के दिलों के और भी करीब बनाता है।अंत में सभी ने मिलकर विधायक राठिया जी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं निरंतर जनसेवा के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा यह संकल्प लिया कि उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए समाज सेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा
कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला अध्यक्ष उस्मान बेग के साथ लीलाधर साहू, दया शंकर बेहरा, संजय डोंडे (पार्षद), तिलेश्वर पैंकरा (पार्षद), चितरंजन साव, शिवम गुप्ता, नारायण, सुमित, यमन, भागीरथी सहित दर्जनों युवा साथी उपस्थित रहे।
